
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता शमा मोहम्मद हाल ही में इंडियन क्रिकेटर रोहित शर्मा को ‘मोटा’ बोलने से चर्चा में आईं थी। लेकिन अब उन्होंने फास्ट बॉलर मोहम्मद शमी का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान रोजा रखना जरूरी नहीं होता। मोहम्मद शमी यात्रा कर रहे हैं वह अपने घर पर नहीं हैं। दरअसल, गेंदबाज को लेकर यह कॉन्ट्रोवर्सी तब शुरू हुई जब उन्होंने रमजान के दौरान सेमीफाइनल में एनर्जी ड्रिंक पी ली। इसके बाद से कई मौलाना ने विरोध करना शुरू कर दिया। हालांकि, अब शमी के सपोर्ट में भी कई लोग सामने आए हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने किया शमी का समर्थन
शमा मोहम्मद ने मोहम्मद शमी की तरफदानी करते हुए कहा कि इस्लाम में रमजान के दौरान एक बहुत ही महत्वपूर्ण बात होती है। जब हम यात्रा कर रहे होते हैं, तो हमें रोजा रखने की जरूरत नहीं होती है, इसलिए मोहम्मद शमी यात्रा कर रहे हैं और वे अपने घर पर नहीं हैं। वे एक ऐसा खेल खेल रहे हैं जिसमें उन्हें बहुत प्यास लग सकती है। कोई भी इस बात पर जोर नहीं देता कि जब आप कोई खेल खेल रहे हों, तो आपको रोजा रखना ही होगा। आपके कर्म ही सबसे महत्वपूर्ण हैं। यह (इस्लाम) एक बहुत ही वैज्ञानिक धर्म है।
मौलाना की नाराजगी
उत्तर प्रदेश के बरेली के मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने मोहम्मद शमी को लेकर कहा था कि शरीयत के नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। इस्लाम में रोजा रखना फर्ज है। अगर कोई व्यक्ति जानबूझकर रोजा नहीं रखता, तो इस्लामिक के नजरों में यह गुनाह है। क्रिकेट खेलना बुरा नहीं है, लेकिन धार्मिक जिम्मेदारियों को भी निभाना चाहिए। मैं हिदायत देता हूं कि शमी शरीयत के नियमों का पालन करें और अपने धर्म के प्रति जिम्मेदार बनें।