रिजल्ट आने से पहले फर्जी वोटिंग-अमेरिका के अवैध भारतीय प्रवासियों को डिपोर्ट किए जाने पर खूब सुनाया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव और उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर सीट पर उपचुनाव के नतीजे शनिवार (8 फरवरी) को आने हैं। फिलहाल राजधानी का सियासी पारा पीक पर है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने शुक्रवार (7 फरवरी) को भारतीय जनता पार्टी को जमकर घेरे में लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने फर्जी वोटिंग के लिए जिलों में अपने कार्यकर्ताओं को बुलाया था। यादव का कहना है कि कल साफ हो जाएगा कि दिल्ली में किसकी सरकार बन रही है। इसतना ही नहीं बल्कि, सपा प्रमुख ने अमेरिका के अवैध भारतीय प्रवासियों को डिपोर्ट करने को लेकर भी बीजेपी पर निशाना साधा है।

अखिलेश यादव का बड़ा दावा

अखिलेश यादव ने कहा कि कई बार एग्जिट पोल सही नहीं होते। कल नतीजे आने वाले हैं, सारी सच्चाई सामने आ जाएगी कि दिल्ली में किसकी सरकार बनने जा रही है। मिल्कीपुर उपचुनाव के बारे में मैंने सभी को आमंत्रित किया कि देखें कि भाजपा शासित राज्य में लोकतंत्र कैसे चल रहा है। भाजपा ने फर्जी मतदान के लिए आस-पास के सभी जिलों से अपने कार्यकर्ताओं को बुलाया है। यह सार्वजनिक तौर पर है कि पीठासीन अधिकारियों को उनके लक्ष्यों के बारे में कैसे इनपुट मिल रहे थे।

‘ऐसा व्यवहार क्यों?’

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा कहती थी कि हम दुनिया में एक स्तर पर पहुंच गए हैं- हम अब विश्वगुरु बन रहे हैं, हमारी अर्थव्यवस्था तीसरे नंबर पर पहुंचने वाली है। लेकिन भारतीय नागरिकों को कैसे लाया गया? दूसरे देश के राष्ट्रपति ने कहा है कि वे सैन्य विमान से भेजे गए लोगों को स्वीकार नहीं करेंगे, अमेरिका को यह स्वीकार करना होगा। क्या भारत इतना कमजोर है? हम अमेरिका को इतना बड़ा बाजार दे रहे हैं, फिर भी ऐसा व्यवहार? यही वह जगह है जहां पंजाब के लोगों ने 50 लाख रुपये खर्च किए, गुजरात के लोगों ने वहां जाने के लिए 1 करोड़ रुपये खर्च किए। सरकार को उनका पैसा वापस करना ही होगा। अगर सरकार ऐसा नहीं करती है, तो इसका कोई मतलब नहीं है कि आपकी अर्थव्यवस्था कहां पहुंच रही है।

यह भी पढ़े –दिल्ली-नोएडा के स्कूलों को फिर मिली बम की धमकी, अभिभावकों को फौरन भेजा नोटिस, स्कूल की छुट्टी, जांच जारी