रणवीर इलाहाबादिया को मिली महाभारत के भीम की धमकी, कहा – हाथ आए तो सेक्योरिटी भी बचा नहीं सकेगा…

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया ने जब से कॉमेडियन समय रैना के शो इंडियाज गॉट लेटेंट पर अश्लील कमेन्ट किया है, तब से उनकी टेंशन कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। उनपर एक के बाद एक नई-नई मुसीबत आती जा रही है। बता दें, शो पर उन्होंने एक अभर्द टिप्पणी कर दी थी जिसकी वजह से सोशल मीडिया पर उनकी आलोचनाओं के दौर की शुरुआत हो गई थी। बाद में इस मामले में तूल पकड़ लिया और देश के कई राज्यों में उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई। हालांकि, बाद में रणवीर ने माफी भी मांगी थी। 

अब रणवीर इलाहाबादिया को लेकर एक और बड़ी जानकारी सामने आई है। दरअसल, पूर्व डब्ल्यूडब्ल्यूई रेसलर और एक्टर सांगा उर्फ सौरव गुर्जर ने उन्हें अपने निशाने पर ले लिया है। पूर्व रेसलर ने एक वीडियो में इस मामले पर बात करते हुए रणवीर को खुली धमकी दी है। सांगा ने अपने आधिकारीक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में वह कहते दिखाई दिए कि अगर कभी रणवीर उनके सामने आ गए तो सेक्योरिटी भी रणवीर को उनसे नहीं बचा पाएंगे। 

सोशल मीडिया पर शेयर किए वीडियो में सौरव गुर्जर ने कहा, “रणवीर इलाहाबादिया ने जिस प्रकार के शब्दों का प्रयोग विवादित शो में किया है, वो माफी के काबिल नहीं है। अगर आज हमने इस बात पर कार्यवाई नहीं की, तो लोग आने वाले समय में गंदगी फैलाते रहेंगे। रणवीर ने सीमाएं लांघ दी हैं। ऐसे लोग हमारे समाज और धर्म को क्षति पहुंचा रहे हैं और उनके खिलाफ सख्त कार्यवाई होना जरूरी है।”

कौन है सांगा उर्फ सौरव गुर्जर?

जानकारी के लिए बता दें, सांगा उर्फ सौरव गुर्जर दुनिया की सबसे बड़ी प्रो रेसलिंग कंपनी डब्ल्यूडब्ल्यूई के पूर्व रेसलर थे। उन्होंने इस कंपनी के लिए कुल 6 साल काम किया है। सबसे पहले उन्होंने अपने शुरुआती पांच साल कंपनी के छोटे ब्रांड एनएक्सटी को दिया था। लेकिन साल 2023 में वह आखिरकार डब्ल्यूडब्ल्यूई के रिंग तक पहुंचने में सफल रहे थे। हालांकि, इसके अगले साल ही छंटनी के दौरान उन्हें निकाल दिया गया था। इस दौरान सौरव ने फिल्मी जगत में हाथ आजमाने की कोशिश की थी। बताते चलें, सौरव साल 2013 में आई महाभारत का हिस्सा भी रह चुके हैं। शो में उन्होंने भीम का रोल अदा किया था। इसके अलावा उन्होंने साल 2022 में आई रणबीर कपूर की मूवी ब्रह्मास्त्र में भी काम किया है।