यूएई में यूपी की महिला को हुई फांसी, 4 महीने के बच्चे की हत्या का था आरोप, जानें पूरा मामला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। यूएई में यूपी के बांदा जिले की रहने वाली महिला को बीती 15 फरवरी को फांसा दी गई। महिला का नाम शहजादी (33) है, उस पर चार साल के बच्चे की हत्या का आरोप था। वह दो साल से जेल में बंद थी कोर्ट ने उसे चार महीने पहले फांसी की सजा सुनाई थी।

यूएई में भारतीय दूतावास को 28 फरवरी में वहां की सरकार से इसकी जानकारी मिली थी। विदेश मंत्रालय द्वारा सोमवार को हाईकोर्ट में इसकी जानकारी दी गई। मंत्रालय ने बताया कि शहजादी का अंतिम संस्कार 5 मार्च को होगा।

बता दें कि शहजादी के पिता ने शनिवार को कोर्ट में याचिका लगाई थी कि इस मामले में विदेश मंत्रालय हस्तक्षेप करे। मंत्रालय द्वारा कोर्ट में आज शहजादी की फांसी और अंतिम संस्कार की सूचना दी गई। मिली जानकारी के मुताबिक शहजादी के परिवार को उसके अंतिम संस्कार के लिए अबु धाबी जाने में विदेश मंत्रालय सहायता करेगा।

शहजादी के पिता ने कोर्ट में याचिका दायर कर दावा किया था कि 14 फरवरी को उनकी बेटी ने उन्हें कॉल पर बताया था कि उसे जेल से हॉस्पिटल ट्रांसफर किया गया है और उसे फांसी की सजा दी जाएगी। शहजादी के पिता ने अबू धाबी के कानून के मुताबिक शहजादी को क्षमादान दिए जाने के लिए अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास को एक लेटर भी लिखा था, लेकिन इसमें कुछ भी नहीं हुआ।

एजेंट ने दुबई में बेच दिया था

बांदा के मटौंध थाना क्षेत्र के गांव गोयरा मुगली की रहने वाली शहजादी सामाजिक संस्था ‘रोटी बैंक’ में काम करती थी। बचपन में उसका चेहरा एक तरफ से बचपन में झुलस गया था।साल 2021 में उसका फेसबुक के जरिए आगरा के रहने वाले उजैर से संपर्क हुआ। उजैर ने चेहरा सही करवाने का झांसा देकर शहजादी को आगरा बुला लिया। इसके बाद उसे इलाज करवाने के नाम पर नवंबर, 2021 में दुबई में रहने वाले दंपती फैज और नादिया के हाथों बेच दिया।

शहजादी के मुताबिक वो झूठ बोलकर दुबई गई थी, वहां फैज और नादिया उसे परेशान करते थे। उसको घर में बंद करके रखते थे, उसके साथ मारपीट करते थे। वह कई बार भारत आने का सोचती थी लेकिन वो लोग वापस नहीं आने दे रहे थे। फैज और नादिया का 4 महीने का एक बेटा था जो बीमार था। इसी बीच उसकी मौत हो गई, जिसका इल्जाम फैज और नादिया ने शहजादी पर मढ़ दिया। इसके बाद पुलिस केस हुआ और शहजादी को जेल भेज दिया गया था।