
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित होटल ऋतुराज में हुए भीषण हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। साथ ही, मृतकों के परिवार और जख्मियों के लिए राहत राशि की भी घोषणा की है। मृतक के परिवार वालों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार का मुआवजा देने का एलान किया गया है। आपको बता दें कि, कोलकाता में मंगलवार देर रात महानगर के मेछुआ बाजार स्थित होटल ऋतुराज में भयानक आग लग गई। इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई। 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
मुआवजे का एलान
प्रधानमंत्री कार्यालय ने बुधवार (30 अप्रैल) को एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर जानकारी दी कि कोलकाता में आग लगने की दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसके अलावा, घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
अस्पताल में भर्ती घायल
हादसे की जानकारी मिलते ही दमकल टीमें फौरन मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू कर दिया ताकि होटल में फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके। घायलों को कोलकाता मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में एड्मिट करवाया गया है।
बीजेपी का निशाना
पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने भी घटना पर दुख जताया। साथ ही उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर जोरदार निशाना साधते हुए कहा कि मछुआ बाजार के एक होटल में लगी आग में 14-15 लोगों की मौत हो गई, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। यह महज एक घटना नहीं है बल्कि यह हत्या है, क्योंकि ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं। कोलकाता में स्थिति बेहद खराब है। फायर ब्रिगेड मंत्री और मुख्यमंत्री को इस पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन मुख्यमंत्री के पास समय ही कहां है। वह सिर्फ जश्न मनाने में व्यस्त हैं।