
Mumbai News : मुंबई भाजपा के बाद अब शिवसेना (उद्धव) के विधायक आदित्य ठाकरे ने सीमेंट-कॉक्रीट (आरसीसी) सड़क की खराब गुणवत्ता को लेकर मुंबई मनपा को घेरा है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री तथा वर्तमान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और मुंबई शहर के पूर्व पालक मंत्री दीपक केसरकर और मुंबई उपनगर के पूर्व पालक मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा को निशाने पर लिया है। शनिवार को मातोश्री में पत्रकारों से बातचीत में आदित्य ने कहा कि खराब आरसीसी सड़कें बनाने के लिए राज्य के आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्लू) से जांच कराने की मांग की है। अथवा विधायकों की एक समिति बनाई जाए। जिसमें विशेषज्ञों और पत्रकारों को शामिल किया जाए।
इस समिति के जरिए जांच कराई जाए। आदित्य ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को मौका है कि वे राज्य मंत्रिमंडल में पूर्व की सरकार के भ्रष्ट मंत्रियों को शामिल न करे। फडणवीस मंत्रिमंडल में शिंदे, केसरकर और लोढ़ा को शामिल न करें। आदित्य ने कहा कि शेलार खराब सड़कों के निर्माण को लेकर जांच की मांग का नाटक कर रहे हैं। क्योंकि मैंने पूर्व की शिंदे सरकार के समय साल 2022-23 में सड़कों के निर्माण में हुए घोटाला का मुद्दा उठाया था। तब मुंबई भाजपा के नेता उस समय चुप बैठे थे। इससे पहले बीते शुक्रवार को मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने मुंबई मनपा आयुक्त भूषण गगराणी को आरसीसी की सड़कों की खराब गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की थी। शेलार ने कहा था कि सांताक्रुज पश्चिम के भार्गव रोड की आरसीसी सड़क पर दरार पड़ गई है। इसलिए मुंबई मनपा को सड़क की गुणवत्ता जांच करनी चाहिए।