महाराष्ट्र में निर्दलीय बिगाड़ सकते है सत्ता का खेल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर हर पार्टी के राजनेताओं द्वारा अपनी अपनी सरकार बनाने का दावा किया जा रहा है। कोई एग्जिट पोल के दम पर दावा कर रहा है, तो कोई नतीजों की बात कर रहा है।

 भाजपा नेता तरुण चुघ ने महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के एग्जिट पोल पर कहा जिस तरह से जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में जनता ने कांग्रेस को नकारा और हराया है उसी तरह महाराष्ट्र और झारखंड में कांग्रेस नेतृत्व का गठबंधन का सूपड़ा साफ होगा और पीएम मोदी की सरकार को जनता का आर्शीवाद मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने महाराष्ट्र चुनाव के नतीजों पर कहा महाविकास अघाड़ी का काम ही आरोप लगाना है और हमारा काम देश और लोगों का विकास करना है इसका फायदा हमें महाराष्ट्र चुनाव में होगा. लोग हमारे साथ है और जो एग्जिट पोल आ रहे हैं उसके हिसाब से महायुति की सरकार बन सकती है। हमें सरकार बनाने में कोई दिक्कत नहीं आएगी। महाराष्ट्र में महायुति की सरकार जरूर बनेगी। हमने जो वादे किए हैं उसे पूरा करने का काम हमारी सरकार करेगी। हालांकि आठवले ने कहा जीतकर आने वाले कुछ निर्दलीय भी हमारे संपर्क में है।

महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला ने कहा महाराष्ट्र में हमारा विश्वास है कि महा विकास अघाड़ी की सरकार बनेगी। हमें बहुमत मिलने के बाद हम सब सीएम चेहरे पर बैठक में निर्णय लेंगे।

मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा जिस दिन मतदान हुआ था उसी दिन मैंने कह दिया था कि महाराष्ट्र में हमारी करीब 160-165 सीट आएगी। वहां पर पीएम मोदी, नितिन गडकरी और देवेन्द्र फडणवीस जी का प्रभाव है। गठबंधन के लोगों का भी अपने -अपने क्षेत्र में प्रभाव है। जिस कारण से वहां भाजपा की सरकार आएगी। झारखंड में भी शिवराज सिंह चौहान और हिमंता बिस्वा सरमा जी ने काफी मेहनत की है, वहां भी भाजपा की सरकार आएगी।

उत्तराखंड: महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कल नतीजे आ रहे हैं, मैं महाराष्ट्र और झारखंड गया था, बीजेपी अच्छा प्रदर्शन करने जा रही है और महाराष्ट्र और झारखंड दोनों जगह हम सरकार बनाने जा रहे हैं।