
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आरजेडी सांसद मनोज झा ने साफ कर दिया है कि महागठबंधन की ओर से सीएम फेस तेजस्वी यादव ही होंगे। शुक्रवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मनोज झा ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सूरज का उदय पूर्व में होता है जो कि प्राकृतिक सत्य है। ठीक उसी तरह महागठबंधन में सीएम चेहरा सत्य है।
वक्फ संशोधन बिल को लेकर भी मनोज झा ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा- मैं शुक्रिया करता हूं बिहार की जनता का, लालू जी तेजस्वी जी का, लालू जी बीमार होने के बाद भी संसद में क्या हुआ, उस पर जानकारी लेते रहे। ये सिर्फ मुसलमानों की लड़ाई नहीं है। ये हिंदुस्तान की अस्मिता और पहचान की लड़ाई है। जब सदन के अंदर सरकार ने पक्ष का बहुमत हासिल किया, आरजेडी सबसे पहले कोर्ट गई। कुल दस पिटीशन पर चर्चा हुई, उसमें आरजेडी का प्रमुख पिटीशन था।
बंगाल में भड़की हिंसा पर दी प्रतिक्रिया
वक्फ को लेकर मनोज झा ने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि सीएम नीतीश को अगर पता है कि वक्फ बिल पास हो गया है तो ये चिंता का विषय है। अगर नीतीश कुमार को पता है तो ये और अत्यंत चिंता का विषय है। किसी भी जाति, किसी भी धर्म के साथ अगर अन्याय होगा तो राष्ट्रीय जनता दल लाइन में सबसे आगे नजर आएगी।
बंगाल में भड़की हिंसा पर भी प्रतिक्रिया देते हुए सांसद मनोज झा ने कहा कि ये देश शांति से रहने वालों का देश है। आरजेडी किसी भी जाति-धर्म के साथ हो रही हिंसा का विरोध करती है। केंद्र सरकार-बंगाल सरकार इसे जल्द से जल्द शांत करवाए।