मलेशिया जाने वाले भारतीय नागरिकों के लिए खुशखबरी, 2026 तक बढ़ी वीजा-फ्री एंट्री की अवधि

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पर्यटन और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, मलेशिया ने भारतीय नागरिकों के लिए अपने वीजा छूट को आधिकारिक तौर पर 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ा दिया है। यह घोषणा गृह मंत्रालय के महासचिव दातुक अवांग अलिक जेमन ने की, जिन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि यह विस्तार 2025 में मलेशिया की आगामी आसियान अध्यक्षता और विजिट मलेशिया वर्ष 2026 की तैयारियों से जुड़ा है।

जानकारी के लिए बता दें, दिसंबर 2023 में पहली बार शुरू की गई वीज़ा लिब्रलाईजेशन योजना भारतीय यात्रियों को 30 दिनों तक बिना वीजा के मलेशिया जाने की अनुमति देती है। देश में प्रवेश करने के लिए, भारतीय नागरिकों को आगमन पर वापसी की उड़ान टिकट और पर्याप्त धनराशि का प्रमाण, जैसे बैंक स्टेटमेंट या क्रेडिट कार्ड, प्रस्तुत करना होगा।

वीजा छूट का विस्तार मलेशिया की प्रमुख बाजारों से आगंतुकों को आकर्षित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, इसी तरह की छूट चीनी नागरिकों को भी दी गई है। वर्तमान में, दो एयरलाइनें कोलकाता और कुआलालंपुर के बीच उड़ानें संचालित करती हैं, जिससे दोनों देशों के बीच संपर्क बढ़ता है।

फ्री विजा के बाद बढ़ा मलेशिया का पर्यटन

बताते चलें, मलेशिया के पर्यटन क्षेत्र में भारतीय पर्यटकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, महामारी से पहले 2019 में 735,000 से अधिक भारतीय पर्यटक मलेशिया आए थे। वीजा छूट की शुरुआत के बाद, भारतीय पर्यटकों की संख्या में उछाल आया, जो 2024 में एक मिलियन को पार कर गया। जनवरी से नवंबर 2024 तक, मलेशिया ने 1,009,114 भारतीय पर्यटकों का स्वागत किया, जो 2019 की तुलना में 47% की उल्लेखनीय वृद्धि और पिछले वर्ष की तुलना में 71.7% की चौंका देने वाली वृद्धि है।

इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए भारतीय नागरिकों के लिए मुख्य आवश्यकताएं

– कम से कम छह महीने के लिए वैध पासपोर्ट

– आगमन के 30 दिनों के भीतर कन्फर्म वापसी या आगे की फ्लाइट टिकट

– भुगतान के साथ कन्फर्म होटल बुकिंग

– पर्याप्त वित्तीय प्रावधान, जैसे कि कम से कम 50 डॉलर प्रति दिन

– जेआईएण पोर्टल पर ऑनलाइन मलेशिया डिजिटल आगमन कार्ड का पूरा होना

– आगमन पर मलेशियाई इमिग्रेशन से अंतिम प्रोफाइलिंग कराना होगा जरूरी

– नाबालिग आवेदकों के लिए जन्म प्रमाण पत्र, माता-पिता के पासपोर्ट की प्रतियों के साथ