
Chhindwara News: भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कन्हईराम रघुवंशी ने शुक्रवार सुबह लगभग 10.30 बजे खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। कन्हईराम रघुवंशी ने अपने आप को कमरे में बंद कर गोली मारी थी। गोली की आवाज सुनकर बेटे दरवाजा तोडक़र अंदर पहुंचे तो कन्हईराम रघुवंशी मृत अवस्था में पड़े थे। शाम को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है।
धरमटेकड़ी चौकी प्रभारी महेन्द्र शाक्य ने बताया कि गणेश कॉलोनी निवासी 72 वर्षीय कन्हईराम पिता प्रेम सिंह रघुवंशी बीमारी से परेशान थे। पिछले दो साल से वह डिप्रेशन का इलाज करा रहे थे। शुक्रवार सुबह लगभग 10.30 बजे प्रथम तल स्थित कमरे में स्वयं को बंद कर कन्हईराम रघुवंशी ने अपनी 12 बोर की राइफल से सीने में गोली मार ली। छोटे बेटे मनीष व परिजनों ने दरवाजा तोडक़र देखा तो कन्हईराम रघुवंशी मृत अवस्था में पड़े थे। पुलिस ने घटनास्थल से सुसाइड नोट और राइफल जब्त की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
डॉक्टर के पर्चे के पीछे लिखा सुसाइड नोट
धरमटेकड़ी चौकी प्रभारी महेन्द्र शाक्य ने बताया कि घटना के बाद पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की है। जांच के दौरान गद्दे के नीचे डॉक्टर की पर्ची के पीछे लिखा सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में कन्हईराम रघुवंशी ने लिखा है कि बीमारी के चलते मैं अपनी जीवन लीला समाप्त कर रहा हूं। पुलिस ने सुसाइड नोट भी जब्त किया है।
परिवार में दो बेटे और दो बेटियां है
कन्हईराम रघुवंशी की पत्नी चैनवति रघुवंशी की करीब दो साल पहले मृत्यु हो चुकी है। उनके दो बेटे राकेश रघुवंशी और मनीष रघुवंशी है। दोनों की शादी हो चुकी है। बेटियों में रजनी रघुवंशी और भारती रघुवंशी है। दोनों बेटियों की भी शादी हो चुकी है।
डॉक्टरों की टीम ने किया पीएम
पुलिस ने बताया कि कन्हईराम रघुवंशी के सीने के बाए साइड गोली लगी थी। पीएम के पूर्व उनका एक्सरे कराया गया ताकि देखा जा सके कि गोली (छर्रे) कहां फंसी है। इसके बाद चार डॉक्टरों की टीम से पोस्टमार्टम कराया गया है। डॉक्टरों की टीम में फॉरेंसिक चिकित्सक भी शामिल थे। अंतिम यात्रा शनिवार को सुबह १०.३० बजे गणेश कालोनी स्थित निज निवास से निकाली जाएगी।
घटना की सूचना के बाद पहुंचे भाजपा नेता
वरिष्ठ भाजपा नेेता कन्हईराम रघुवंशी द्वारा आत्महत्या करने की खबर मिलते ही भाजपा नेता उनके निवास पर पहुंचे थे। इनमें भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव, पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान ङ्क्षसह, वरिष्ठ नेता रमेश पोफली, पूर्व निगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र मिगलानी समेत अन्य भाजपा नेता शामिल थे।
क्या कहते हैं अधिकारी
भाजपा नेता कन्हईराम रघुवंशी ने स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या की है। घटनास्थल से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें बीमारी का जिक्र किया गया है। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
– अजय पांडे, एसपी
3 बार भाजपा जिला अध्यक्ष और दो बार नपाध्यक्ष रहे कन्हईराम
वरिष्ठ भाजपा नेता कन्हईराम रघुवंशी जिले में राजनीति का सौम्य चेहरा माने जाते थे। अपना राजनीतिक सफर उन्होंने नेर-जमुनिया पंचायत में सरपंच पद से शुरु किया। इसके बाद भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष बने। तीन बार भाजपा का जिला अध्यक्ष पद संभालने का मौका भी उन्हें मिला। भाजपा संगठन में प्रदेश मंत्री रहे। कन्हईराम दो बार छिंदवाड़ा नगरपालिका के अध्यक्ष रहे। पहला चुनाव उन्होंने वर्ष 2005 में जीता था, जबकि लगातार दूसरी बार वर्ष 2009 में वे नपाध्यक्ष चुने गए।