भाईचारा बढ़ाने के लिए 8 मार्च को बीड में कांग्रेस की सद्भावना यात्रा – हर्षवर्धन सपकाल

Bhaskar Jabalpur
Bhaskar Jabalpur

Mumbai News. महाराष्ट्र के बीड में सामाजिक सद्भाव और भाईचारा बहाल करने के लिए प्रदेश कांग्रेस ने 8 मार्च को सद्भावना पदयात्रा का आयोजन करने का फैसला किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि इस सद्भावना पदयात्रा की शुरुआत बीड के मस्साजोग से होगी, जिसका समापन बीड शहर में 9 मार्च को होगा। दो दिनों तक चलने वाली इस पदयात्रा में कुल 51 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। सपकाल ने कहा कि अंग्रेजों को देश से खदेड़ने में सिर्फ राजनीतिक आजादी ही नहीं बल्कि व्यवस्था में परिवर्तन ने अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि समाजवाद आजादी से पहले से ही कांग्रेस के डीएनए में रहा है। कांग्रेस ने हमेशा जातिगत भेदभाव को दूर रखा है। यही कारण है कि हमने अपनी संस्कृति और गौरवशाली इतिहास को ध्यान में रखते हुए राज्य में जातिवाद का जहर फैला रहे लोगों के खिलाफ इस सद्भावना पदयात्रा का आयोजन किया है। सपकाल ने कहा कि बीड से इस यात्रा का आयोजन इसलिए किया है क्योंकि इस जिले में पुरुष और महिलाओं की जनसंख्या के अनुपात में बहुत बड़ा अंतर है। इस जिले में कन्या भ्रूण हत्या का मुद्दा चर्चा में है, इसलिए अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर को ध्यान में रखते हुए इस यात्रा का आयोजन इस जिले से शुरू किया गया है। सपकाल ने कहा कि बीड के अलावा भविष्य में परभणी और अन्य जिलों में भी इस प्रकार की सद्भावना पदयात्रा आयोजित की जाएंगी। जिसमें आम लोगों के अलावा युवा, छात्र, महिलाएं और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे।

जिला अध्यक्षों के साथ सपकाल ने की बैठक

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल की अध्यक्षता में सोमवार को तिलक भवन में कांग्रेस के जिला अध्यक्षों की बैठक हुई। इस बैठक में संगठनात्मक मामलों और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की गई। सपकाल ने कहा कि पार्टी को जिला स्तर से गांव स्तर तक कैसे बढ़ाया जाए, इसको लेकर पार्टी के जिला अध्यक्षों को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मंगलवार को पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी जिसमें राज्य के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।