पुरानी रंजिश के चलते पति की हत्या, पत्नी गंभीर

Bhaskar Jabalpur
Bhaskar Jabalpur

Jabalpur News। हनुमानताल थाना क्षेत्र के मोहरिया रविदास नगर में मंगलवार की दोपहर सवा 3 बजे के करीब पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने एक दम्पति पर लाठी व चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल दम्पति को इलाज के लिए विक्टोरिया पहुँचाया गया। जहाँ चिकित्सकों ने पति को मृत घोषित कर दिया। वहीं पत्नी की हालत गंभीर होने पर मेडिकल रेफर किया गया है। उधर सूचना मिलने पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मो. रोशन अली उम्र 55 वर्ष मजदूरी करता था। दोपहर में वह अपनी पत्नी रानी के साथ घर पर था। उसी दौरान किसी बात को लेकर पड़ोसी गौरव पथरिया से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर गौरव ने गाली-गलौज करते हुए मो. रोशन से मारपीट कर दी। इस बीच गौरव का भाई मनीष व एक अन्य वहाँ आ पहुँचे और तीनों ने लाठी व चाकू से हमला कर रोशन को गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर-शराबा होने पर रोशन की पत्नी रानी अपने पति को बचाने पहुँची, तो आरोपियों ने उस पर भी चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में घायल दम्पति को क्षेत्रीय लोगों ने विक्टोरिया अस्पताल पहुँचाया। जहाँ रोशन की मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी रानी की हालत गंभीर होने पर मेडिकल में भर्ती कराया गया है। जानकारी लगने पर हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।