
Beed News. परली वैद्यनाथ के पास लोणी तांडा इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया। जब नहर किनारे कपड़े धो रही 10 वर्षीय मासूम पानी में बह गई। जिसकी सूचना मिलते ही रैस्क्यू टीम ने तलाशी शुरु कर दी। लगभग 12 घंटे के बाद जाकर बच्ची की लाश बरामद हुई। मंगलवार सुबह परभणी जिले की सोनपेठ तहसील के उक्कडगांव स्थित नहर में उसका शव मिला। जानकारी के अनुसार शिवकन्या अजय चव्हाण की उम्र 10 साल थी, जो पुणे में रहती थी और यहां छुट्टियां मनाने आई थी। लोणी तांडा में रिश्तेदार के यहां कुछ दिन पहले आई थी। कपड़े धोने नहर किनारे आई थी। जायकवाड़ी जलाशय से नहरों में पानी छोड़ा जा रहा है।
बच्ची शिवकन्या सोमवार के दिन शाम 5 बजे के करीब नहर के किनारे कपड़े धो रही थी, तभी अचानक पैर फिसला और नहर में गिरने से वो बह गई। परिजन ने तुरंत प्रशासन को जानकारी दी। प्रशासन मौके पर पहुंचा। रैस्क्यू टीम की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया। सोनपेठ तहसील के उक्कडगांव परिसर की नहर से बच्ची का शव मिला। पुलिस ने पंचनामा कर मासूम बच्ची के शव का सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। शव को परिजन के हवाले किया गया। मामले की जांच पुलिस कर रही है।