
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव का परिणाम आ चुका है। बीजेपी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 70 सीटों में से 48 सीटें हासिल कर 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की है। वहीं, बीते दो चुनावों में 60 से ज्यादा सीटें हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी महज 22 सीटें पर सिमट कर रह गई है। बात करें कांग्रेस की तो पिछले दो विधानसभा चुनाव की तरह पार्टी इस चुनाव में भी अपना खाता नहीं खोल सकी। यहां तक की उसके 70 उम्मीदवारों में से 67 की जमानत तक जब्त हो गई।
बीते 6 चुनाव में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला
कांग्रेस पार्टी के इस खराब प्रदर्शन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “एक पार्टी जब परिवार वंदन में लग जाए, तब उसकी क्या दुर्दशा होती है, इसका सबसे बड़ा उदाहरण कांग्रेस है। जिस दिल्ली में आज से एक दशक पहले कांग्रेस की 15 साल सरकार रही, वहां 2014 के बाद हुए 6 चुनावों में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला है। इस विधानसभा चुनाव में 70 में से 67 सीटों पर कांग्रेस की जमानत जब्त हो गई है। राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस को अगर कहीं स्थायित्व मिला है, तो वह शून्य (0) में मिला है। यह एक परिवार की सेवा में समर्पित कांग्रेस की देशभर में स्थिति को दर्शाता है।”
क्या बोले राहुल गांधी?
इससे पहले, दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि वह दिल्ली की जनता जनादेश को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हैं। कांग्रेस नेता ने एक्स पर लिखा, “दिल्ली का जनादेश हम विनम्रता से स्वीकार करते हैं। प्रदेश के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके समर्पण और सभी मतदाताओं को उनके समर्थन के लिए दिल से धन्यवाद। प्रदूषण, महंगाई और भ्रष्टाचार के विरुद्ध दिल्ली की प्रगति और दिल्लीवासियों के अधिकारों की यह लड़ाई जारी रहेगी।”