‘पाकिस्तान को तबाह करना चाहता है भारत’, पानी पर रोक लगने से डरा मास्टरमाइंड सैफुल्लाह कसूरी, देखें वीडियो

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत एकदम एक्टिव मोड में है। देश पाकिस्तान पर अब  किसी भी तरह की नरमी बरतने के मूड में नजर नहीं आ रहा है। बुधवार को पड़ोसी मुल्क के खिलाफ 5 बड़े कदम उठाए गए हैं जिसका असर अभी से ही देखने को मिल रहा है। इस कड़ी में लश्कर-ए-तैयबा का डिप्टी कमांडर सैफुल्लाह कसूरी का वीडियो सामने आया है। उसका कहना है कि वह इस हमले के पीछे नहीं था। साथ ही, भारत पर ही हमला करवाने का गंभीर आरोप लगाया। दरअसल, सैफुल्लाह कसूरी को 26 मासूम लोगों की मौत के पीछे का जिम्मेदार बताया जा रहा है।  

भारत पर गंभीर आरोप

सैफुल्लाह कसूरी ने एक वीडियो के जरिए भारत पर पहलगाम हमला का आरोप लगाया है। उसने कहा- भारत ने खुद ही पहलगाम में हमले को अंजाम दिया है। वही इसका जिम्मेदार है। यह भारत की सोची-समझी साजिश है। पाकिस्तान का इससे कोई हाथ नहीं है। 

‘पाकिस्तान को तबाह करना चाहता है भारत’

सैफुल्लाह कसूरी ने कहा कि भारत सिंधु नदी का पानी रोक कर पाकिस्तान को तबाह करना चाहता है। भारत एक जंगी दुश्मन है। भारत ने जम्मू-कश्मीर में 10 लाख से ज्यादा फौज भेजी हुई है और अब वह पाकिस्तान को तबाह करना चाहता है।