धनश्री और चहल का हुआ तलाक, फैमिली कोर्ट ने सुनाया फैसला, दोनों के बीच इतने रुपए में हुआ सेटलमेंट

डिजिटल डेस्क, मुंबई। स्टार क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और उनकी वाइफ धनश्री वर्मा के बीच तलाक हो गया है। बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश पर मुंबई की फैमिली कोर्ट ने ये फैसला सुनाया। दोनों ने दिसंबर 2020 में शादी की थी। इस तरह करीब 4 साल बाद दोनों ऑफिशियली अलग हो गए हैं।

चहल के वकील ने की पुष्टि

चहल और धनश्री मुंबई के परिवार न्यायालय में मौजूद रहे। क्रिकेटर के वकील नितिन गुप्ता ने इसकी पुष्टि की। चहल की ओर से बॉम्बे हाईकोर्ट में बुधवार को याचिका दायर की गई थी, जिसके बाद उच्च न्यायालय ने मुंबई फैमिली कोर्ट को 20 मार्च को फैसला सुनाने का आदेश दिया था।

चहल ने फैमिली कोर्ट में दायर याचिका में कहा था कि उन्होंने अपनी पत्नी को सेटलमेंट की आधी राशि दे दी है। इस वजह से उनका 6 महीने का नोटिस पीरियड माफ कर दिया जाए। जिसे हाईकोर्ट ने मान लिया। बता दें कि कूलिंग पीरियड वो समय होता है जब तलाक की याचिका के बाद पति-पत्नि को 6 महीने तक साथ रहने का समय दिया जाता है। जिससे दोनों पक्ष तलाक लेने के फैसले पर एक बार फिर विचार कर सकें।

जस्टिस माधव जामदार की सिंगल बेंच ने कहा कि चहल 21 मार्च से उपलब्ध नहीं होंगे, क्योंकि उन्हें आईपीएल में हिस्सा लेना है।

इतने रुपये में हुआ सेटलमेंट

बार एंड बेंच वेबसाइट के मुताबिक, ‘बॉम्बे हाईकोर्ट ने इस केस में 6 महीने का कूलिंग ऑफ पीरियड भी माफ कर दिया था।’ पिछले ढाई साल से दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। दोनों के बीच 4.75 करोड़ में सेटलमेंट होने की खबर है।

बता दें कि दोनों के बीच तलाक की खबरों को साल 2023 में चहल द्वारा की गई सोशल मीडिया पोस्ट से हवा मिली थी। इस पोस्ट में क्रिकेटर ने लिखा था, नई जिंदगी आ रही है। इसके बाद एक्ट्रेस धनश्री ने अपने इंस्टाग्राम में यूजर नेम से सरनेम चहल हटा दिया था। इसके बाद उनके तलाक की अफवाहें तेज हो गई थीं। हालांकि, दोनों की ओर से इन खबरों को अफवाह करार दिया गया था।