
Amrawati News पिछले आठ दिनों से नकाबपोश दोपहिया सवार चेन स्नेचर शहर पुलिस के लिए सिरदर्द साबित हो रहे हंै। विधानसभा चुनाव के लिए पुलिस द्वारा जगह-जगह बंदोबस्त लगाकर वाहनों की तलाशी ली जा रही है। अपराधिक तत्वों पर निगरानी रखने पुलिस के विशेष दस्ते शहर में तैनात हंै। ऐसे में पिछले आठ दिनों से शहर में चेन स्नेचिंग की घटनाएं लगातार घटित हो रही हैं। कभी मालवीय चौक से राजापेठ के उड़ान पुल पर तो कभी फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र में चेन स्नेचिंग हो रही है। 8 नवंबर को एक घंटे के भीतर गाडगे नगर थाना क्षेत्र के तहत शिवार्पण कॉलोनी और प्रेरणा कॉलोनी में चेन स्नेचिंग की दो घटनाएं घटित हुईं। दोनों घटनाओं में समानता पाए जाने से चेन स्नेचिंग की दोनों घटनाएं एक ही दोपहिया पर सवार दो बदमाशों द्वारा अंजाम दिए जाने का अनुमान जताया जा रहा है।
नवशिवार्पण कॉलोनी निवासी महिला अपने रिश्तेदार साहेबराव मोहोड के घर दिवाली के लिए मेहमान आई थी। महिला और उसकी बहन यह दोनों अंबादेवी मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रही थी। शिवार्पण कॉलोनी स्थित आरोग्य मेडिकल के सामने ऑटो से उतरी। शिकायतकर्ता महिला की बहन कुछ सामान खरीदने दुकान में गई और शिकायकर्ता सड़क किनारे खड़ी थी। उसी समय दो नकाबपोश वहां पहुंचे। उन्होंने महिला के गले से 10. 580 ग्राम वजन का मिनी मंगलसूत्र छीनकर भाग गए। चोरी गए मंगलसूत्र की कीमत 78 हजार रुपए बताई गई है। महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
महिला मंदिर से घर लौट रही थी : गाडगे नगर की प्रेरणा कॉलोनी बगीचे के सामने एक और महिला का मंगलसूत्र झपटा गया। यह शिकायतकर्ता महिला हर रोज गजानन मंदिर में हरिपाठ करने के लिए जाती है। 8 नवंबर को रात 7.30 बजे महिला मंदिर से घर लौट रही थी। उसी समय गणेशराव किरकटे के घर के सामने खड़ी थी। उस समय मंुह पर रुमाल बांधे हुए दो लोग वहां पहुंचे और गले से 20 ग्राम सोने की चेन झपटकर भाग गए। चोरी गए सोने की चेन की कीमत 1 लाख 56 हजार रुपए बताई गई है। एक घंटे में दो महिलाओं के आभूषण झपटे जाने से शहर में मंगलसूत्र झपटमार फिर सक्रिय होने की संभावना जताई जा रही है।