
मैं समंदर हूँ
1 दिसम्बर 2019 को महाराष्ट्र विधानसभा में देवेंद्र फडणवीस की कही बातों की हर जगह चर्चा है। 2019 में चुनावी नतीजों के बाद फडणवीस सीएम बनने के बेहद करीब थे, किंतु, शिवसेना के साथ सीएम की कुर्सी को लेकर मतभेदों के चलते हालात बदल गए। फडणवीस लगातार दूसरी बार सीएम की कुर्सी पर बैठने से चूक गए। उस समय फडणवीस ने विधानसभा में कहा था कि… “मेरा पानी उतरता देख मेरे किनारे पर घर मत बसा लेना, मैं समंदर हूँ लौटकर वापस आऊँगा!
Nagpur News भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस को बुधवार को भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया। गुरुवार को शाम 5.30 बजे वे मुंबई के आजाद मैदान में एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद नागपुर में लाडली बहनों ने जमकर जल्लोष किया।
फुगड़ी खेलकर मनाया जश्न
भाजपा महिला नेताओं ने फुगड़ी खेलकर जश्न मनाया। भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी खूब झूमे। फडणवीस के धरमपेठ त्रिकोणी पार्क के सामने स्थित आवास के सामने भी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की धुन और गुलाल उड़ाकर उत्साह का प्रदर्शन किया।
ढोल-नगाड़े पर नाचे लोग
शहर अध्यक्ष जितेंद्र उर्फ बंटी कुकड़े के नेतृत्व में विभागीय कार्यालय धंतोली में जल्लोष किया गया। इस अवसर पर ढोल-नगाड़ों के साथ मिठाइयां बांटकर एक दूसरे का मुंह मीठा किया गया।
गगनभेदी नारे, बधाई ः ‘महाराष्ट्र का नेता कैसा हो देवेंद्र फडणवीस जैसा हो, देवेंद्रजी तुम आगे बढ़े हम तुम्हारे साथ हैं’ के नारे से संपूर्ण परिसर गूंजा। सभी पदाधिकारियों ने एक-दूसरे को ‘देवाभाऊ’ के विधायक दल का नेता चुने जाने की बधाई दी।
मुंबई निकला जत्था : फिलहाल गुरुवार को शपथ-ग्रहण समारोह में जाने के लिए नागपुर से भाजपा नेता, पदाधिकारियों सहित कार्यकर्ताओं का जत्था रवाना हुआ है। नागपुर में 300 नेता व पदाधिकारियों को वीआईपी निमंत्रण मिलने की जानकारी है।
250 महिलाएं रवाना : फिलहाल 250 महिलाएं बुधवार को अमरावती रोड भोले पेट्रोल पंप के पास से 5 बसों में मुंबई के लिए रवाना हो गईं। कुछ पदाधिकारियों के मंगलवार को रात में ही मुंबई के लिए रवाना होने की जानकारी है।
विदर्भ से 10 हजार लोग पहुंचे: नागपुर से करीब 3 हजार कार्यकर्ता व पदाधिकारियों के मुंबई जाने की संभावना है। विदर्भ से यह संख्या 10 हजार से अधिक बताई जा रही है। विदर्भ से बड़ी संख्या में मुंबई में कार्यकर्ताओं के पहुंचने के बाद वहां व्यवस्थापन समिति में नागपुर के लोगों को विशेष स्थान दिया गया। नागपुर से प्रदेश प्रवक्ता चंदन गोस्वामी को व्यवस्थापन समिति में जगह मिली है। इसके अलावा अन्य समिति में अन्य पदाधिकारियों को शामिल किया गया है।