
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार में इस साल के अंत से पहले विधानसभा चुनाव होने है। दिल्ली फतेह करने के बाद अब भाजपा ने बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी है। भाजपा का दावा है कि इस बार दिल्ली की तर्ज पर बिहार में भी पार्टी 225 सीटों पर जीत हासिल करेगी। लिहाजा, राज्य में एनडीए की सरकार बनेगी। बीजेपी के इन दावों पर आरजेडी चीफ लालू यादव ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में कटाक्ष किया है।
लालू यादव ने भाजपा के दावे को किया खारिज
दरअसल, जब मीडिया ने लालू यादव से सवाल पूछा कि दिल्ली में भाजपा की जीत का बिहार में क्या असर होगा। इसके जवाब में लालू यादव ने कहा कि इसका बिहार पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। इसके अलावा उन्होंने बिहार में भाजपा के पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का दावा किया है। इस पर लालू यादव ने कहा कि “कैसे बना लेंगे? हम लोगों के रहते बीजेपी सरकार बना लेगी? बीजेपी को लोग जान गया है।”
गौरतलब है कि इस साल बिहार से पहले दिल्ली में विधानसभा चुनाव हुए है। इस दौरान भाजपा ने दिल्ली की 70 सीटों में से 48 सीटों पर जीत दर्ज की थी। जबकि, आम आदमी पार्टी महज 22 सीटों पर जीत दर्ज करने में कामयाब रही। इसके बाद अब बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भी पार्टी ने पूर्व बहुमत की सरकार बनाने का दावा किया है। बिहार में एनडीए ने 225 सीटे लाने का लक्ष्य तय किया है।
बिहार में इस साल होंगे विधानसभा चुनाव
बता दें, बिहार में विधानसभा की 243 सीटें हैं। अलग-अलग पार्टियों ने 2025 में होने वाले चुनाव को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। एनडीए की ओर से कार्यकर्ता सम्मेलन हो रहा है। दूसरी ओर खुद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी जिलों का दौरा कर रहे हैं। जिलों में जाकर कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं। उनसे मिलकर बात कर रहे हैं। ऐसे में यह देखना होगा कि दिल्ली के बाद बिहार में भाजपा अपने टारगेट को पूरा कर पाती है या नहीं।