
jabalpur News। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम टिमरी में सोमवार की सुबह हथियारबंद बदमाशों ने बीच सड़क पर गाँव के ही 6 युवकाें पर हमला कर दिया। हमले में दो सगे भाइयों सतीश पाठक उर्फ कुंजन उम्र 35 वर्ष, चंदन पाठक उर्फ मनीष 32 वर्ष व उनके 2 रिश्तेदार समीर दुबे उम्र 20 वर्ष और अनिकेत दुबे उम्र 35 वर्ष की मौत हो गई, वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणोंं ने जबलपुर-पाटन मार्ग पर जमकर प्रदर्शन किया, जिसके चलते करीब 6 घंटे तक आवागमन बाधित रहा। बताया गया है कि जुआ खेलने को लेकर हुआ विवाद इस वारदात का कारण बना। इस नृशंस हत्याकांड की जानकारी लगने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ. माेहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख व घायलों के परिजनों को 50 हजार की सहायता राशि देने की घाेषणा की है। उधर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार पाटन के ग्राम टिमरी में गणेश प्रसाद पाठक का खेत है। वहाँ पर उनके पुत्र सतीश पाठक उर्फ कुंजन, उसका भाई चंदन उर्फ मनीष पाठक खेती करते थे। उनके रिश्तेदार समीर दुबे व उसका भाई विनोद दुबे और अनिकेत दुबे भी इसी गाँव में रहते हैं। गाँव में रहने वाला कालू साहू उनके खेत के बाजू में जुआ खिलवाता था। इस पर सतीश व चंदन ने उसे जुआ खिलवाने से मना किया था। इसी बात को लेकर कालू साहू इन लोगों के परिवार से रंजिश रखता था। सोमवार की सुबह साढ़े 9 बजे के करीब सतीश व चंदन घर से किसी काम के लिए निकले थे। वे राजमार्ग पर पहुँचे तो वहाँ पर फरसा, तलवार व चाकू से लैस होकर कालू साहू, दिन्नू साहू, पप्पू साहू, मनोज साहू, चंदू साहू, प्रदीप, लाली, गुड्डा आदि ने घेर कर हथियारों से हमला कर दिया। जानकारी लगने पर समीर, अनिकेत, विनोद और विपिन दुबे बीच-बचाव करने पहुँचे तो आरोपियों ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल सतीश, चंदन और अनिकेत की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं समीर की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घायल विनोद व विपिन दुबे को मेडिकल में भर्ती कराया गया है।

राजमार्ग पर 5 घंटे पड़े रहे शव

टिमरी ग्राम में हुई दर्दनाक घटना से आक्रोशित परिजन व ग्रामीण सड़क पर उतर आये और चकाजाम कर दिया। वे आरोपियों को कड़ी सजा दिलाए जाने की माँग कर रहे थे। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद भी प्रदर्शनकारी अपनी माँग पर अड़े रहे और घटनास्थल पर पड़े शवों को नहीं उठाने दिया। प्रदर्शन के चलते आसपास का बाजार बंद रहा। जबलपुर-पाटन-सागर राजमार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।
कार्रवाई का भरोसा दिलाया

घटना को लेकर तनाव बढ़ने की सूचना पाकर सांसद आशीष दुबे, क्षेत्रीय विधायक अजय विश्नोई, आईजी अनिल कुशवाहा, कलेक्टर दीपक सक्सेना, एसपी सम्पत उपाध्याय, एएसपी सूर्यकांत शर्मा, आनंद कलादगी मौके पर पहुँचे और परिजनों से चर्चा कर निष्पक्ष कार्रवाई व हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी राजी हुए और दोपहर ढाई बजे के करीब शवों को पीएम के लिए रवाना किया गया।