जेएमएम नेता मनोज पांडेय ने चुनाव आयोग को बीजेपी की कठपुतली बताया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने चुनावी तारीखों के ऐलान से पहले चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। जेएमएम नेता मनोज पांडेय ने चुनाव आयोग को बीजेपी की कठपुतली कहते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा नेताओं को कल ही चुनाव आयोग के ऐलान की जानकारी मिल गई थी।

आपको बता दें आज दोपहर में ईसी झारखंड और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान करने वाला है। जेएमएम नेता मनोज पांडेय ने आगे कहा कि हम इलेक्शन के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। लेकिन आज चुनाव आयोग की घोषणा होने वाली है और बीजेपी नेताओं को इसकी जानकारी बीते कल ही पता चल गई थी। मनोज ने आगे कहा ये बहुत गंभीर विषय है। क्या चुनाव आयोग बीजेपी नेताओं के इशारे पर काम करता है? असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा कल अपने एक बयान में बोल गए कि आज चुनाव की घोषणा होने वाली है। आयोग को कठपुतली बनाकर रखना गंभीर विषय की बात है।

81 विधानसभा सीटों वाले झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार है। हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री है। आपको बता दें झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को खत्म होने वाला है। दिसंबर 2019 में पिछला विधानसभा चुनाव  हुआ था। आपको बता दें मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार हुए हेमंत सोरेन ने जमानत पर रिहा होने के बाद 4 जुलाई 2024 को तीसरी बार झारखंड के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। इससे पहले मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार से पहले इस्तीफा दिया, सोरेन के इस्तीफे के बाद चंपई सोरेन को कुर्सी सौंपी थी। हेमंत सोरेन ने 13 जुलाई 2013 को पहली बार सीएम पद की शपथ ली थी। अपने पहले कार्यकाल में हेमंत 1 साल 168 दिन तक सीएम पद पर रहे, उसके बाद 29 दिसंबर 2019 को सीएम पद की शपथ ली थी।