
Chhindwara News: देहात थाना क्षेत्र के मानेगांव के एक शख्स ने जहर का सेवन कर लिया था। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरी घटना चौरई के बाम्हनवाड़ा की है यहां गुरुवार सुबह एक महिला नहर में गिर गई थी। गोताखोरों की टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा है।
जहर पीकर दी जान-
अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि मानेगांव निवासी ४८ वर्षीय संजय पिता दीनानाथ सूर्यवंशी ने अज्ञात कारणों के चलते बुधवार को जहर का सेवन कर लिया था। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया था। इलाज केे दौरान बुधवार रात संजय ने दम तोड़ दिया। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
नहर में गिरने से महिला की मौत-
माचागोरा बांध से लगे ग्राम बाम्हनवाडा निवासी 25 वर्षीय संगीता पति हेमंत मरकाम गुरुवार को गांव के पास नहर में गिर गई थी। सूचना मिलने पर एसडीएम प्रभात मिश्रा, एसडीओपी सौरभ आर. तिवारी, थाना प्रभारी गणपत उईके समेत पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। अधिकारियों ने गोताखोरों की मदद से महिला के शव को नहर से बाहर निकाला। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।