
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल के बयान पर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा- मुझे विश्वास नहीं हो पा रहा है कि इतने सालों तक मुख्यमंत्री रहने के बाद अरविंद केजरीवाल ऐसा बयान दे सकते हैं। एक राज्य का मुख्यमंत्री दूसरे राज्य के मुख्यमंत्री से कह रहे हैं कि पानी में जहर मिलाकर दिल्ली के लोगों को मारने की साजिश हो रही है। अरविंद केजरीवाल को एहसास हो रहा है कि वो नई दिल्ली से हार रहे हैं। उन्हें पता है कि मनीष सिसोदिया, आतिशी, ये सब हार रहे हैं। AAP सरकार नहीं बना रही है और यही वजह है कि अरविंद केजरीवाल के चेहरे और उनके बयानों में बौखलाहट साफ दिख रही है। अरविंद केजरीवाल को हरियाणा की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
जानें पूरा मामला
दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले पार्टियां लगातार एक दूसरे पर आरोप लगा रही हैं। चुनावी राज्य में एक बार फिर पानी की सप्लाई को लेकर सियासत तेज हो गई है। सोमवार (27 जनवरी) को मुख्यमंत्री आतिशी ने हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर पानी की सप्लाई को बाधित करने का आरोप लगाया था। इससे पहले AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा- दिल्ली के लोगों को पीने के लिए पानी हरियाणा और उत्तर प्रदेश से मिलता है। यमुना में हरियाणा से पानी दिल्ली में आता है। भाजपा की हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी को जहरीला कर दिया है। हालांकि, दिल्ली जल बोर्ड ने उस पानी को दिल्ली में आने से रोक दिया। भाजपा सरकार ने पानी में ऐसा जहर मिलाया है, जिसे जल उपचार संयंत्रों द्वारा भी साफ नहीं किया जा सकता है। इससे दिल्ली के एक तिहाई हिस्से में पानी की कमी हो गई है। उन्होंने दिल्ली में अफरा-तफरी मचाने के लिए ऐसा किया है ताकि दिल्ली के लोग मरें और इसका दोष AAP पर आए। आतिशी और भगवंत मान ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर तत्काल मिलने का समय मांगा है। मुझे उम्मीद है कि चुनाव आयोग इसमें हस्तक्षेप करेगा और दिल्ली के लोगों को इस त्रासदी से बचाएगा।
बीजेपी पर केजरीवाल का निशाना
केजरीवाल ने कहा कि इससे दिल्ली के एक तिहाई हिस्से में पानी की कमी हो गई है। ऐसी राजनीति दो दुश्मन देश करते हैं – जैसे अमेरिका ने जापान पर परमाणु बम गिराया था। कुछ देश जैविक हथियारों का इस्तेमाल करके नदियों के पानी को जहरीला बनाते हैं। लेकिन, भाजपा सरकार ने भी यही किया है। उन्होंने दिल्ली में अराजकता पैदा करने के लिए ऐसा किया है ताकि दिल्ली के लोग मरें और इसका दोष आप पर आए। आतिशी और भगवंत मान ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर तत्काल मिलने का समय मांगा है। मुझे उम्मीद है कि चुनाव आयोग हस्तक्षेप करेगा और दिल्ली के लोगों को ऐसी त्रासदी से बचाएगा।