
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 70 विधानसभा सीटों वाली दिल्ली में कल बुधवार को सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हो जाएगी। चुनाव आयोग ने चुनावी संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली है। सभी पोलिंग बूथों पर चुनाव कराने वाली टीम पहुंच गई है। दिल्ली की मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर. एलिस वाज ने नई दिल्ली जिला निर्वाचन अधिकारी सनी कुमार सिंह और बूथ लेवल अधिकारी सुरेश गिरी के साथ मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और उन्हें दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपनी मतदाता सूचना पर्ची सौंपी।
आपको बता दें राष्ट्रपति मुर्मु इससे पहले ओडिशा के मयूरभंज की मतदाता थीं। उन्होंने लोकतांत्रिक भागीदारी का पालन करने के लिए राष्ट्रपति ने पता बदलने की प्रक्रिया का पालन करते हुए आवेदन किया था। राष्ट्रपति मुर्मु दिल्ली विधानसभा चुनाव में नई दिल्ली जिले से अपना वोट डालने की पात्र हैं।
चुनाव अधिकारियों ने राष्ट्रपति को चुनाव आयोग के मतदाता जागरूकता और सुविधा प्रयासों के बारे में जानकारी दी। चुनाव अधिकारियों ने मतदाताओं से मताधिकार का इस्तेमाल करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की। आयोग ने विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से पोलिंग बूथ तक पहुंचने की अपील की है।
आपको बता दें दिल्ली विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर 699 प्रत्याशी मैदान में हैं। कल सुबह से मतदान शुरू हो जाएगा, सभी उम्मीदवारों की किस्मत कल ईवीएम में कैद हो जाएगी, चुनावी नतीजे 8 फरवरी को आएंगे।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक , कुल 1.56 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का यूज करेंगे। इनमें 83,76,173 पुरुष, 72,36,560 महिला और 1,267 उभयलिंगी वोटर्स शामिल हैं। इस बार लिंग अनुपात 864 और ईपी रेशिया (इलेक्टर टू पॉपुलेशन रेशियो) 71.86 दर्ज किया गया है, जिससे स्पष्ट है कि महिलाओं की भागीदारी भी मजबूत होगी।
कल के मतदान में 18-19 वर्ष के 2,39,905 युवा वोटर्स पहली बार मतदान करेंगे। वहीं 85 वर्ष से अधिक उम्र के 1,09,368 वरिष्ठ नागरिक और 100 वर्ष से अधिक उम्र के 783 वोटर्स भी लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी निभाएंगे। इसके अतिरिक्त 79,885 दिव्यांग वोटर्स और 12,736 सेवा वोटर्स भी सूची में शामिल हैं। दिल्ली में इस बार कुल 13,766 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए वोटिंग के दिन सीआरपीएफ की 220 कंपनियां, होमगार्ड के 19,000 जवान और दिल्ली पुलिस के 35,626 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।