गैस लीक होने से दो मकानों में लगी आग, तीन झुलसे

Chhindwara News: अमरवाड़ा के पिपरिया राजगुरु में रविवार रात गैस रिसने से एक मकान में आग लग गई। तेजी से फैली आग ने पड़ोस के मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने का प्रयास कर रहे तीन लोग झुलस गए है। जिन्हें अमरवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आसपास के लोगों की मदद से फायर बिग्रेड की टीम ने आग पर काबू पाया। हालांकि आग में दोनों मकानों का सारा सामान जलकर खाक हो गया है।

पुलिस ने बताया कि पिपरिया राजगुरु निवासी राजेश वंशकार के मकान में गैस रिसाव की वजह से आग लगी थी। आग इतनी तेजी से फैली की उसकी लपटों में पड़ोसी राजकुमार वंशकार का मकान भी आ गया। दोनों मकानों का सारा सामान जलकर खाक हो गया है। पीडि़तों के मुताबिक इस आग में उनकी गृहस्थी का लाखों रुपए कीमत का सामान जलकर खाक हो गया है।

आग बुझाने के प्रयास में तीन झुलसे

घटना के वक्त वंशकार परिवार सो रहा था। आग की तपन और धुएं की वजह से उसकी नींद खुली। परिवार ने शोर मचाया और ग्रामीणों को एकत्र किया। इस दौरान आग बुझाने का प्रयास करते वक्त राजेश वंशकार, अनीता वंशकार और अभिषेक वंशकार झुलसे है। तीनों को अमरवाड़ा अस्पताल में इलाज दिया जा रहा है।