गिद्धों की गणना का पहले चरण का काम पूरा

Seoni News: जिले में गिद्धों की गणना का काम सोमवार से शुरू हो गया। सभी वनमण्डलों के अलावा पेंच टाइगर रिजर्व के कोर और बफर एरिया में गणना का पहला चरण पूरा किया गया। पहले दिन अलग-अलग क्षेत्रों में वन कर्मचारियों ने गिद्धों को देखा और कैमरे की मदद से फोटो लिए साथ ही उनके रहवास वाले क्षेत्र का नाम भी लिखा।

ज्ञात हो कि जिले में गिद्धों की गणना हर साल कराई जा रही है। विलुप्त होते गिद्धों को संरक्षण देने के लिए वन विभाग काम कर रहा है। जिले के कुरई, लखनादौन और धूमा क्षेत्र में पिछली गणना में गिद्ध अधिक पाए गए थे।

दो चरणों में होगा और काम

जानकारी के अनुसार गिद्धों की गणना का काम तीन चरणों में होगा। पहले चरण का काम पूरा होने के बाद अब दो चरणों का काम शेष रह गया है। गणना के लिए सभी वन कर्मचारियों और अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। जहां-जहां जिस प्रजाति के गिद्ध पाए जा रहे हैं उन क्षेत्रों का नाम और प्रजाति का डेटा तैयार कर भोपाल भेजा जाएगा।

पहाड़ और ऊचें पेड़ों पर ठिकाना

वन विभाग के अनुसार गिद्धों का रहवास क्षेत्र अधिकतर पहाड़ और ऊचें पेड़ रहते हैं। वे ऐसे क्षेत्रों में रहना पसंद करते हैं जहां उन्हें कोई परेशानी न हो और आसानी से भोजन मिल सके। जंगल की सफाई में गिद्ध अहम भूमिका निभाते हैं।