
Jabalpur News: मदन महल अंडरब्रिज से गंगासागर तक की सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। इस सड़क पर वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है। गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़क निर्माण हेतु क्षेत्रीय नागरिक कई बार नगर निगम के अधिकारियों को पत्र दे चुके हैं, लेकिन सड़क का निर्माण नहीं किया जा रहा है। इसके कारण नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि मदन महल अंडरब्रिज से गंगासागर तक की सड़क शहर और गढ़ा क्षेत्र को आपस में जोड़ती है। इस सड़क पर दिन भर हैवी ट्रैफिक रहता है। लगभग 300 मीटर लंबी इस सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। कई जगह सड़क उखड़ गई है। इसके कारण लोगों को वाहन चलाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर लगातार दुर्घटनाएं भी बढ़ रही हैं।
सड़क को लेकर हो चुका है प्रदर्शन
मदन महल अंडरब्रिज से गंगासागर तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर दो सप्ताह पहले क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रदर्शन किया था। इनका कहना था कि सड़क पर पानी भरने के कारण ही सड़क बार-बार खराब हो रही है। इसको देखते हुए सड़क निर्माण के साथ ही नाली निर्माण भी कराया जाना चाहिए, ताकि सड़क पर पानी न भरे। उनका कहना है कि सड़क का निर्माण जल्द कराया जाना चाहिए। इस संबंध में निगमायुक्त के नाम पर ज्ञापन भी सौंपा गया था, इसके बाद भी सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं किया गया।
सड़क को मोटरेबल बनाने की मांग
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इसके कारण अब सड़क चलने लायक नहीं बची है। नगर निगम को जल्द ही सड़क को मोटरेबल बनाना चाहिए, ताकि सड़क निर्माण होने तक नागरिकों को आवागमन में सहूलियत हो सके।
मदन महल अंडरब्रिज से गंगासागर तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
-कमलेश श्रीवास्तव, प्रभारी अधीक्षण यंत्री