
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पेरिस ओलंपिक 2024 भारत के खेल इतिहास में एक रोमांचक पल है। जिसमें भारतीय खिलाड़ियो ने अब तक का सबसे शानदार प्रदर्शन किया था। उनके प्रदर्शन के बदौलत भारत ‘प्रकाश का शहर’ कहे जाने वाले पेरिस से भी ज्यादा चमक उठा। जैसे-जैसे साल खत्म होने वाला है, उन पलों का जश्न मनाने का समय आ गया है, जिन्होंने दुनिया को भारत की खेल प्रतिभा पर ध्यान देने पर मजबूर किया, खासकर सबसे बड़े मंच ओलंपिक में।
शानदार शुरुआत से लेकर रिकॉर्ड तोड़ पदक जीतने तक, पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय खिलाड़ियों के दृढ़ संकल्प और सपनों की शक्ति का प्रदर्शन हुआ। बता दें, इस साल भारत ने ओलंपिक खेलों में अब तक की सबसे बड़ी टीम भेजी थी। इस टीम में कुल 117 एथलीट शामिल थे। जिनमें से कुल 6 एथलीटों ने देश को पदक दिलाएं। तो चलिए जानते हैं उन पेरिस ओलंपिक के पदकवीरों को।
नीरज चोपड़ा – पुरुष जेवलिन थ्रो
नीरज चोपड़ा ने पुरुषों की जेवलिन थ्रो में 89.45 मीटर की दूरी तय करके रजत पदक जीता। हालांकि, वह पाकिस्तान के अरशद नदीम से पीछे रह गए थे, जिन्होंने 92.97 मीटर की दूरी तय करके नया ओलंपिक रिकॉर्ड सेट किया था। इस उपलब्धि के साथ नीरज ओलंपिक में स्वर्ण और रजत पदक दोनों जीतने वाले पहले भारतीय व्यक्ति के रूप में चिह्नित हुए।
मनु भाकर – महिला 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग
मनु भाकर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर पेरिस 2024 ओलंपिक में भारत के लिए पहला पदक सुनिश्चित किया था। इस दौरान वह तीसरे स्थान पर रहीं थी। बता दें, मुकाबले में भाकर दक्षिण कोरिया की किम येजी से 0.1 अंकों के मामूली अंतर से पीछे रह गई थी।
मनु भाकर और सरबजोत सिंह – मिश्रित 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग
सरबजोत सिंह के साथ मिलकर मनु भाकर ने मिक्स्ड 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग इवेंट में भारत के खाते में एक और कांस्य पदक जोड़ा था। भारतीय जोड़ी ने कांस्य पदक के लिए हुए मैच में दक्षिण कोरिया के ओह ये जिन और ली वोनहो को 16-10 से हराया था। इस तरह भाकर आजादी के बाद एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय बन गईं थी।
स्वप्निल कुसाले – पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन शूटिंग
भारतीय एथलीट स्वप्निल कुसाले ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत को निशानेबाजी में योगदान दिया था। 29 वर्षीय इस खिलाड़ी की यह उपलब्धि किसी एक ओलंपिक में निशानेबाजी में भारत का सबसे सफल प्रदर्शन था।
भारतीय पुरुष फील्ड हॉकी टीम
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक में स्पेन को 2-1 से हराकर कांस्य पदक जीता था। मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने भारत के लिए दोनों गोल दागे थे। गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पेन के 15 में से 14 शॉट रोके थे।
अमन सेहरावत – पुरुष फ्रीस्टाइल 57 किग्रा कुश्ती
अमन सेहरावत ने पुरुषों की फ्रीस्टाइल 57 किग्रा कुश्ती स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। इसी के साथ वह 21 वर्ष की उम्र में ओलंपिक पदक जीतने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय एथलीट भी बन गए।