
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र की मतदाता सूची को लेकर सवाल खड़े किए। जिस पर अब महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा- उनसे कहिए कि वे खुद जांच करें और इसकी जांच के लिए अपनी टीम नियुक्त करें। कल दिल्ली चुनाव के नतीजे घोषित होंगे और हारने के बाद लोग दोषारोपण करना शुरू कर देंगे। ऐसी बातों का कोई मतलब नहीं है। नतीजे जनता ही तय करती है। लोकतंत्र में लोग वोट देकर अपने नेता चुनते हैं लेकिन कुछ लोग गलतफहमी पैदा करने की कोशिश करते हैं। वे अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने के लिए ऐसे बयान देते हैं।
जानिए राहुल गांधी ने क्या लगाया आरोप
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को केंद्रीय चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद महाराष्ट्र में 5 माह में 39 लाख नए मतदाता जोड़े गए, जो 5 साल में राज्य में बने मतदाताओं की संख्या से ज्यादा हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि महाराष्ट्र में मतदाताओं की संख्या राज्य में कुल वयस्क आबादी से अधिक है। राहुल गांधी ने केंद्रीय चुनाव आयोग से मांग की कि वह महाराष्ट्र के मतदाताओं की पूरी सूची उपलब्ध कराएं, जिसके आधार पर लोकसभा और विधानसभा चुनाव में मतदान हुआ है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) सांसद सुप्रिया सुले ने यहां एक संयुक्त संवाददाता-सम्मेलन को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 से लेकर लोकसभा चुनाव 2024 के बीच महाराष्ट्र में 32 लाख नए मतदाता जोड़े गए। वहीं, लोक सभा चुनाव 2024 और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 यानी कि 5 माह के बीच 39 लाख मतदाता जोड़ दिए गए। इसका मतलब ये कि हिमाचल प्रदेश में मतदाताओं की जितनी आबादी है, महाराष्ट्र में 5 माह में ही इतने नए मतदाता जोड़े गए। राहुल गांधी ने सवाल किया कि आखिर ये 39 लाख मतदाता कौन हैं और कहां से आए हैं। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि महाराष्ट्र की व्यस्क जनसंख्या 9.54 करोड़ है, लेकिन चुनाव आयोग के मुताबिक महाराष्ट्र में 9.70 करोड़ मतदाता हैं। इसका मतलब कि चुनाव आयोग के मुताबिक महाराष्ट्र में जनसंख्या से ज्यादा मतदाता हैं।
लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में कामठी विधानसभा क्षेत्र में 1.36 लाख वोट मिले, ये चुनाव कांग्रेस जीत गई। इसके बाद महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले यहां 35 हजार नए मतदाता जोड़े गए। ये सारे मत भाजपा के खाते में चले गए और वह चुनाव जीत गई। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में हमारा वोट कम नहीं हुआ है, बल्कि भाजपा का वोट ज्यादा बढ़ा है।