
New Delhi News : कांग्रेस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भाजपा द्वारा देशद्रोही कहे जाने पर पलटवार करते हुए भाजपा-आरएसएस को असली ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ बताया है। कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने कहा कि देशद्रोह भाजपा-आरएसएस के डीएनए में है। कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार में रागिनी नायक ने कहा कि कांग्रेस देश की सबसे पुरानी पार्टी है और राहुल गांधी इस देश के नेता विपक्ष हैं। वह कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पांच बार के चुने हुए सांसद हैं। राहुल गांधी देश के लिए शहीद होने वाली पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी जी के पोते और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी जी के बेटे हैं। राहुल गांधी के परिवार का बलिदानी खून आज भारत माता की रगों में भी दौड़ रहा है। उन्होंने पूछा, भाजपा की राहुल गांधी को देशद्रोही कहने की हिम्मत कैसे हुई? भाजपा इतनी निर्लज्जता कहां से लाती है?‘भाजपा के पूर्वजों ने अंग्रेजों से मांगी थी माफी’
कांग्रेस प्रवक्ता ने याद दिलाया कि भाजपा के पूर्वजों ने अंग्रेजों से माफी मांगी थी। उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस देश का सबसे बड़ा ‘टुकड़े-टुकड़े’ गैंग है, जो लोगों को बांटने, सांप्रदायिकता और नफरत फैलाने और एक पूरे समुदाय को बदनाम करने का प्रयास कर रहा है। ‘कटेंगे तो बटेंगे’ जैसे विभाजनकारी नारे दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भाजपा की धमकियों और आरोपों से डरने वाले नहीं हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने पूछा कि अगर भारत में इतनी सारी अंतरराष्ट्रीय साजिशें हो रही हैं तो देश के गृह मंत्री क्या कर रहे हैं? बता दें कि भाजपा सांसद संबित पात्रा ने राहुल को देशद्रोही करार दिया था।