
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बेंगलुरु सिटी पुलिस ने बताया है कि कर्नाटक के पूर्व DGP ओम प्रकाश की हत्या कर दी गई है। 1981 बैच के IPS अधिकारी की बेंगलुरु के HSR लेआउट में हत्या की गई है। घटना का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। जांच जारी है। उनके तीन मंजिला घर के ग्राउंड फ्लोर पर खून से शव लथपथ मिला। पूर्व डीजीपी की पत्नी पल्लवी ने घटना की जानकारी सबसे पहले पुलिस को दी।
इस पूरे मामले पर बेंगलुरु के एडिशनल CP विकास कुमार ने कहा, “आज दोपहर करीब 4-4:30 बजे हमें हमारे पूर्व DGP व IGP ओम प्रकाश की मौत की सूचना मिली। उनके बेटे से संपर्क किया गया है और वह घटना के खिलाफ शिकायत दे रहे हैं, और उसके आधार पर FIR दर्ज की जाएगी। मामला दर्ज होने के बाद विस्तृत जांच की जाएगी। फिलहाल, कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
एडिशनल CP विकास कुमार ने आगे कहा- शुरुआती जांच से पता चलता है कि मामला आंतरिक हो सकता है। ऐसा लगता है कि किसी धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया है, जिससे इतना खून बह गया कि मौत हो गई।
प्रॉपर्टी विवाद का अंदेशा
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, एक अधिकारी ने बताया कि पूर्व पुलिस अधिकारी ओम प्रकाश अपनी पूरी प्रॉपर्टी बेटे के नाम करना चाहते थे। लेकिन उनके इस फैसले से उनकी पत्नी नाराज थी। फिलहाल मामले में पत्नी को संदिग्ध बनाया गया है। बताया जा रहा है कि पूर्व पुलिस अधिकारी की मौत की खबर सबसे उनकी पत्नी ने ही पुलिस को दी है। इसके बाद पुलिस जब घर पहुंची तो पूर्व अधिकारी की पत्नी ने घर का दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया। जिसके चलते शक और बढ़ गया।
पूर्व DGP ओम प्रकाश बिहार के चंपारण के रहने वाले थे। 1981 बैच के 68 साल के आईपीएस अधिकारी भूविज्ञान में एमएससी की डिग्री प्राप्त की थी। 1 मार्च 2015 को उन्हें पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया। इससे पहले वह अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं के साथ-साथ होम गार्ड्स के भी प्रमुख रह चुके थे।