‘आपको हमारा सीएम रोता हुआ नहीं दिखेगा’, राहुल गांधी की रैली में संदीप दीक्षित ने साधा अरविंद केजरीवाल पर निशाना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में कुछ ही दिनों का समय शेष है। इस सियासी रण को जीतने के लिए सभी पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सीलमपुर में रैली हुई। इससे पहले नई दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने जनसभा को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में आपको हमारा सीएम रोता हुआ नहीं दिखेगा। दिल्ली के दो करोड़ लोगों ने जिसे सीएम चुनकर भेजा हो उन्हें उसके बहते आंसू नहीं देखना है। यदि रोता हुआ मुख्यमंत्री चाहिए तो उन्हें (केजरीवाल) चुन लीजिएगा। लेकिन, आपके चेहरे पर मुस्कुराहट लाने वाला और आपका अपना बनाने वाला सीएम चाहिए तो कांग्रेस को वोट दीजिएगा।

दिल्ली को बनाने में अहम भूमिका अदा की

संदीप दीक्षित ने कहा, ‘यहां नेताओं की पूरी फेहरिस्त बैठी है, जो न सिर्फ कांग्रेस का नेतृत्व करते हैं बल्कि दिल्ली के इस चुनाव में हर कोने में मजबूती से पार्टी का परचम लहरा रहे हैं। इनमें से कई ऐसे हैं, जिन्होंने कांग्रेस के समय में दिल्ली को बनाने में अहम भूमिका अदा की।’

दिल्ली में अजीब हलचल है

कांग्रेस उम्मीदवार ने कहा कि दिल्ली में 10 साल के बाद एक अजीब सी हलचल मची है। एक दशक पहले यहां की जनता ने कुछ मन बनाया था, जो भी कारण रहे होंगे। हम हमेशा ये मानते हैं कि जनता जनार्दन है। कभी-कभी किसी राजनीतिक गुट से जनता का वो संबंध टूट जाए तो कहती है कि आप हमारे नेता नहीं हो और कुछ समय के लिए विश्राम करो।”

लोगों के साथ धोखा किया – संदीप दीक्षित

संदीप दीक्षित ने लोगों संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 2-3 महीने से बदलाव की आहट हमलोग सुनने लगे हैं। पूरी दिल्ली की जनता आज ये महसूस करने लगी है कि पिछले 8-9 साल में जिस तरीके का छल उनके साथ विकास में किया गया है, जिस तरह का धोखा उन्हें दिया गया है। ये शायद हिंदुस्तान में कहीं नहीं हुआ। दिल्ली को विकास, खूबसूरती और भाईचारे के लिए जाना जाता था लेकिन इन्होंने सत्यानाश कर दिया। दिल्ली वासियों की वो कराह सुनाई दे रही है, वो रोना सुनाई दे रहा है। यहीं से हमको बल मिला है।