
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एमपी के मौसम में भारी बदलाव देखने मिल रहा है। पिछले कुछ दिनों से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। जिसके चलते लोगों ने स्वेटर पहनना शुरू कर दिया है। वहीं, एमपी के कई जिलों में लगातार सुबह शाम के साथ दोपहर में भी ठंड का एहसास हो रहा है। गुरुवार को भी पूरे एमपी के रात और दिन के मौसम में काफी बदलाव देखने मिला है। साथ ही कोहरा और धुंध ने भी लोगों को काफी परेशान करके रखा है। आने वाले समय में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है और दिसंबर में शीतलहर चलने की संभावना जताई जा रही है।
आज का कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार और शनिवार को तापमान में और भी गिरावट दर्ज की जा सकती है। साथ ही भोपाल में शीतलहर भी देख सकते हैं। प्रदेश के मंडला में गुरुवार को अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। साथ ही प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके अलावा भोपाल में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जो कि सामान्य से करीब 4 डिग्री तक कम था।
शीतलहर क्या है?
मौसम विभाग के मुताबिक, रात के तापमान जब एक डिजिट में आ जाए यानी 10 डिग्री से कम हो और सामान्य से करीब 4.5 डिग्री सेल्सियस तक कम हो तब शीतलहर मानी जाती है। अभी कुछ दिनों से मौसम की तबदीली देखकर भोपाल में शीतलहर चलने की संभावना बताई जा रही है।
प्रदेश का तापमान कैसा रहा?
प्रदेश के कई सारे जिलों के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। जिसमें भोपाल का न्यूनतम तापमान 10.2 और अधिकतम तापमान 26.6 दर्ज किया गया है। अन्य जगहों की बात करें तो ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री और अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री, उज्जैन का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री, इंदौर का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, ज्लद ही कड़ाके की ठंड पड़ेगी और शनिवार को मौसम सामान्य रहेगा।