आईएमडी के स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने दी बधाई, किया नए मिशन का ऐलान, जिससे मिलेगी पूरी दुनिया को मदद

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के पीएम नरेंद्र मोदी ने भारतीय मौसम विभाग की स्थापना को 150 साल पूरे होने के समारोह में हिस्सा लिया है। साथ ही ‘मिशन मौसम’ का शुभारंभ किया है। इस समय उन्होंने कहा है कि, आज सूर्य धनु से मकर राशि में प्रवेश करते हैं। सूरज धीरे से उत्तर की तरफ बढ़ता है। हमारे यहां भारतीय परंपरा में इसको उत्तरायण कहा जाता है। खेती के लिए भी तैयारियां शुरू हो जाती हैं। इसलिए ही इस दिन को भारतीय परंपरा में इतना जरूरी माना गया है। इसके अलावा पीएम मोदी ने सभी देशवासियों को मकर संक्रांति की भी बधाईयां दी थीं। 

पीएम मोदी ने किया स्थापना दिवस को संबोधित 

पीएम मोदी ने आईएमडी की स्थापना के 150 साल पूरे होने के समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि, “मौसम विज्ञान किसी भी देश की आपदा प्रबंधन क्षमता का सबसे जरूरी सामर्थ्य होता है। प्राकृतिक आपदाओं के प्रभाव को कम से कम करने के लिए हमें मौसम विज्ञान की कार्यकुशलता को अधिकतम करने की आवश्यकता होती है। भारत ने लगातार इसकी अहमियत को समझा है। आज हम उन आपदाओं की दिशा को मोड़ने में कामयाब हो रहे हैं जिन्हें पहले नियति कहकर छोड़ दिया जाता था।”

क्या है मिशन मौसम का उद्देश्य?

मिशन मौसम का मुख्य उद्देश्य अत्याधुनिक मौसम निगरानी प्रौद्योगिकियों और प्रणालियों के बारे में जानकारी देना है। साथ ही तकनीकी उन्नति पर जोर देना होगा। इसके अलावा, पूर्वानुमानों की सटीकता को पहचानना और बताना होगा। मिशन मौसम की तकनीकी उन्नति का इस्तेमाल करके पूर्वानुमानों में सुधार ला सकते हैं। इसके अलावा जलवायु परिवर्तन अनुकूल होगा और क्षेत्रीय सहयोग भी मिलेगा।