अमित शाह के खिलाफ मोर्चा निकालने जा रही CM ममता बनर्जी पर बरसी BJP विधायक, TMC सरकार पर तुष्टिकरण करने का लगाया आरोप

डिजिटल डेस्क, बंगाल। संसद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बाबा साहेब अंबडेकर पर विवादित टिप्पणी को लेकर विपक्ष निशाना साधाने से नहीं चूक रहा है। इस क्रम में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने शाह के खिलाफ बड़ा फैसला लेने का ऐलान किया है। उन्होंने बीआर अंबेडकर का अपमान करने पर अमित शाह के खिलाफ जूलूस निकालने की तैयारी करने जा रही है। ममता सरकार के इस सियासी दांव पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा ने सत्ताधारी तृणमूल सरकार और सीएम ममता बनर्जी पर मुद्दों को जबरन हवा देने का आरोप लगाया है। भाजपा का कहना है कि सीएम ममता की पार्टी अमित शाह पर हमला बोलकर तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। इस लेकर भाजपा नेता ने सीएम ममता पर निशाना साधा। उन्होंने ममता बनर्जी को संविधान विरोधी बताया है।

 भाजपा विधायक का मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला

पश्चिम बंगाल से भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने टीएमसी और ममता सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा, “जब आप केंद्र सरकार से भत्ते ले रहे हैं, तो आपको केंद्र सरकार के नियमों का पालन करने की आवश्यकता है। लेकिन यहां हमारी मुख्यमंत्री के पास गृह मंत्री अमित शाह जी पर डॉ बीआर अंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाते हुए जुलूस निकालने का वक्त है। हमारी मुख्यमंत्री संविधान का पालन नहीं करती हैं।”

ममता सरकार पर तुष्टिकरण करने का लगाया आरोप

इस दौरान भाजप विधायक ने सीएम ममता पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपनी तुष्टिकरण की राजनीति की वजह से सभी तरह के आतंकवादियों को शरण दे रही हैं। बांग्लादेश की सरहद से इन आतंकवादियों को शरण देने के लिए तृणमूल के जनप्रतिनिधि हाथ मिला रहे हैं। ममता बनर्जी और उनकी पुलिस को इसकी जानकारी है। उन्हें असम, कश्मीर से बाहर निकाला जा रहा है लेकिन उन्हें पता है कि पश्चिम बंगाल में उन्हें आधार कार्ड मिल जाएगा। आज, ममता बनर्जी के कारण भारत के 140 करोड़ लोगों का जीवन खतरे में है।”