अबू आजमी ने मुगल शासक औरंगजेब को बताया महान, भड़के एकनाथ शिंदे, बोले – ‘दर्ज हो देशद्रोह का मामला..’

डिजिटल डेस्क, मुंबई। माजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अबू आजमी के मुगल शासक औरंगजेब को महान बताने पर सूबे की सियासत गरमा गई है। राज्य के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे उनके इस बयान पर भड़क उठे हैं। उन्होंने कहा कि सपा नेता की हिम्मत कैसे होती है औरंगजेब जैसे क्रूर शासक की तारीफ में कसीदे पढ़ने की। इसके साथ ही शिंदे ने उन पर देशद्रोह दर्ज कराने की मांग की।

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम ने कहा कि अबू आजमी हमेशा ऐसा आपत्तिजनक बयान देते रहते हैं। जिसने हमारे महाराज को तकलीफ दी वो कैसे बड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसा बयान देने वाला कोई भी हो उसपर तुरंत केस दर्ज हो।

क्या था अबू आजमी का बयान?

सपा नेता अबु आजमी ने सोमवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, गलत इतिहास दिखाया जा रहा है। औरंगजेब ने कई मंदिर बनवाए। औरंगज़ेब कोई क्रूर शासक नहीं थे। उन्‍होंने यहां तक दावा क‍िया क‍ि बनारस में जब एक पंडित की बच्‍ची के साथ उसके सिपहसालार ने बदतमीजी की करने की कोश‍िश की तो औरंगजेब ने उस सिपहसालार को दो हाथ‍ियों के बीच बंधवाकर मरवा डाला। बाद में उन पंड‍ितों ने औरगंजेब के ल‍िए मस्‍ज‍िद बनाकर भेंट क‍िया। वो अच्छे प्रशासक थे, जो उन्होंने किया वो सही किया। अगर कोई और राजा होता वो वो भी वही करता।

पहले भी दे चुके विवादित बयान

यह पहली बार नहीं है जब अबु आजमी ने औरंगजेब की समर्थन में बयान दिया है। इससे पहले साल 2023 में भी उन्होंने औरंगजेब के समर्थन में बयान दिया था। जिसके बाद उनके खिलाफ मुंबई के कोलाबा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज करवाई गई थी। दरअसल, हाल ही में रिलीज हुई विक्की कौशल की छावा मूवी देखने के बाद लोग औरंगजेब के जुल्म जो उन्होंने राजाओं व आम जनता पर किए थे, उसके बारे में बात कर रहे हैं।