
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव होने में अब कुछ ही दिनों का समय शेष बचा है। जैसे-जैसे चुनाव का समय नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे सूबे की सियासत गरमा रही है। इसी क्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को देश का फ्रॉड किंग बताया है। उन्होंने यहां तक कहा कि केजरीवाल को फर्जीवाल करना ज्यादा बेहतर होगा।
दिल्ली कांग्रेस ने जारी किया व्हाइट पेपर
दिल्ली कांग्रेस की ओर से आप और बीजेपी के खिलाफ 12 पॉइंट का व्हाइट पेपर रिलीज किया गया। इसी दौरान माकन ने केजरीवाल पर निशाना साधा। बता दें कि कांग्रेस द्वारा रिलीज किए गए इस व्हाइट पेपर का टाइटल ‘मौका मौका, हर बार धोखा’ रखा गया है।
आप के साथ गठबंधन बड़ी भूल
इस दौरान माकन ने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ना कांग्रेस की सबसे बड़ी भूल थी। उन्होंने कहा कि अब यह समय उस भूल को सुधारने का है। इसके साथ ही उन्होंने 2013 के दिल्ली विधानसभा का जिक्र करते हुए कहा, मुझे लगता है कि आज दिल्ली की जो हालत है और कांग्रेस जो यहां कमजोर हुई, उसका एक ही कारण है कि हमने 2013 में 40 दिन के लिए AAP को सपोर्ट किया था। हालांकि उन्होंने इस दौरान कहा कि यह उनकी निजी राय है।
बता दें कि 12 पॉइंट के व्हाइट पेपर में कांग्रेस ने आप-बीजेपी पर निशाना साधा। दोनों ही दलों ने जो भी वादे किए थे वो पूरे नहीं किए। दोनों पार्टियां प्रदूषण, नागरिक सुविधाओं और कानून व्यवस्था से संबंधित समस्याओं का प्रबंधन नहीं कर पाई हैं।
केंजरीवाल के जनलोकपाल को लेकर किए गए आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि जिस जनलोकपाल आंदोलन की लहर पर सवार होकर केजरीवाल सत्ता पर काबिज हुए थे, उसे वो अब तक लागू नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि दिल्ली में उपराज्यपाल आपको जनलोकपाल लागू नहीं करने दे रहे हैं, तो पंजाब में इसे लागू न करने की क्या वजह है? वहां आपको कौन रोक रहा है? वहां तो पूरी सरकार ही आपकी है। ये सिर्फ एक बहाना है। 10 साल पहले जनलोकपाल लागू करने के नाम पर आपने सरकार बनाई थी, लेकिन अब इसे भूल गए हैं।