अगले हफ्ते चुनाव आयोग कर सकता है चुनाव की तारीखों का ऐलान, यूपी और वायनाड उपचुनाव की तारीख भी होगी तय

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव खत्म हो गए हैं। अब झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होगा। इस बीच खबर मिली है कि अगले हफ्ते चुनाव आयोग दोनों राज्यों के चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। इलेक्शन कमीशन झारखंड और महाराष्ट्र के अलावा यूपी की दस विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव का भी ऐलान करेगा। इसके अलावा वायनाड में होने वाले लोकसभा उपचुनाव को लेकर भी तारीख तय की जाएगी।  

यह भी पढ़े –‘अंदरूनी कलह के चलते बीजेपी जीती’, कांग्रेस पर असदुद्दीन ओवैसी ने साधा निशाना

महाराष्ट्र में कब होंगे विधानसभा चुनाव?

चुनाव आयोग के अधिकारियों के मुताबिक, महाराष्ट्र में 26 नवंबर तक विधानसभा का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। ऐसे में चुनाव के लिए करीब चालीस दिन का समय दिया जाता है। माना जा रहा है कि यहां 26 नवंबर से पहले ही विधानसभा के चुनाव संपन्न करा लिए जाएंगे। चुनाव की तारीखों का ऐलान भी जल्द ही किया जाएगा। 

यूपी और वायनाड उपचुनाव

चुनाव आयोग उत्तर प्रदेश की दस विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के अलावा वायनाड में होने वाले लोकसभा उपचुनाव की तारीखों का भी जल्द ऐलान करेगा। केंद्रीय चुनाव आयोग ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के चुनाव की तारीखों के ऐलान करते समय ही बताया था कि अभी कई राज्यों में प्राकृतिक आपदा आई हुई है। जिसके चलते अभी उपचुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं किया जा सकता है। हालात सामान्य होने के बाद चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया जाएगा। ऐसे में माना जा रहा है कि झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के साथ ही यूपी और वायनाड में होने वाले उपचुनाव को भी संपन्न करा लिए जाएंगे। 

झारखंड में भी होंगे विस चुनाव

झारखंड में 5 जनवरी 2025 में विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने वाला है। माना जा रहा कि झारखंड में चुनाव की तारीखों को आगे बढ़ाया जा सकता है। हालांकि, यह भी माना जा रहा है कि महाराष्ट्र के साथ ही झारखंड में भी विधानसभा चुनाव को करा लिए जाएंगे।